Khunti . झारखंड के खूंटी जिले में दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना शनिवार रात रनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत तूरीगढ़ा गांव के पास रनिया-मार्चा मार्ग पर हुई। रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार ने बताया, दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, एक ने तोरपा अस्पताल में दम तोड़ दिया जबकि एक अन्य की रांची ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घायल व्यक्ति का एक अस्पताल में इलाज हो रहा है। उन्होंने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब तीन लोग एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर रनिया की ओर से आ रहे थे और दो अन्य लोग दूसरे दोपहिया वाहन से मार्चा की ओर से आ रहे थे।

अधिकारी ने कहा, खराब मौसम के बीच कम दृश्यता होने के कारण संभवतः दोनों मोटरसाइकिलों की टक्कर हुई। उन्होंने बताया कि चारों मृतकों में से दो की पहचान हेमंत बहादुर (21) और विश्व सिंह (17) के रूप में हुई है। दोनों रनिया थाना क्षेत्र के बनबीरा नवाटोली गांव के निवासी थे। अन्य दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
एक अन्य अधिकारी ने कहा, दुर्घटना के समय उनमें से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। शवों को पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

