Jamshedpur. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा का सोमवार तड़के निधन हो गया। वे पिछले कई दिनों से बीमार थीं और टाटा मोटर्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर है। सोमवार दोपहर 1 बजे घोड़ाबांधा स्थित आवास से अंतिम यात्रा निकलेगी। भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।

संघर्ष और त्याग की मिसाल रहा जीवन
सायरा मुंडा का जीवन कठिन परिस्थितियों में संघर्ष और त्याग की मिसाल रहा. वर्ष 1971 में पति गणेश मुंडा के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और खेतों में काम करके बच्चों का पालन-पोषण किया तथा उन्हें आगे बढ़ने का संबल दिया। तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री और केंद्र में मंत्री रहे अर्जुन मुंडा अपने जीवन और सार्वजनिक सफर में मां के योगदान व आशीर्वाद को अपनी सबसे बड़ी शक्ति मानते थे. उनके निधन से एक स्नेहिल और संघर्षशील अध्याय का अंत हो गया है।


