New Delhi. टाटा स्टील के निदेशक मंडल ने रविवार को कंपनी के स्टील ट्यूब और पाइप कारोबार के साथ ही टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड (टीएससीएल) को एपीएल अपोलो ट्यूब्स को बेचने के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। इन दोनों सौदों का कुल मूल्य करीब 28,000 करोड़ रुपये है। टाटा स्टील ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि स्टील ट्यूब और पाइप कारोबार को 11,700 करोड़ रुपये तक में बेचने और टाटा स्टील कलर्स में अपनी पूरी हिस्सेदारी 16,300 करोड़ रुपये में एपीएल अपोलो को बेचने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।

कंपनी ने बताया कि निदेशक मंडल की बैठक में ये फैसले किए गए।
निदेशक मंडल ने कंपनी के ट्यूब कारोबार के हस्तांतरण और इस संबंध में एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड के साथ कारोबार हस्तांतरण समझौता करने को मंजूरी दी। इस सौदे के तहत जमशेदपुर, होसुर, खोपोली और साहिबाबाद स्थित कंपनी की स्टील ट्यूब विनिर्माण इकाइयों में स्टील ट्यूब और पाइप के विनिर्माण, प्रसंस्करण, विपणन, बिक्री और वितरण का कारोबार एपीएल अपोलो को हस्तांतरित किया जाएगा।

यह कारोबार एकमुश्त बिक्री के आधार पर 11,700 करोड़ रुपये तक के भुगतान पर हस्तांतरित किया जाएगा। निदेशक मंडल ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड (टीएससीएल) में अपनी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी एपीएल अपोलो को 16,300 करोड़ रुपये में बेचने और हस्तांतरित करने को भी मंजूरी दी।

