जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध खनन, बालू के अवैध परिवहन और खनिजों के अवैध भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया है। सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें अवैध खनन के विरुद्ध अब तक की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए नियमित जांच और छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले की खनिज संपदा का अवैध दोहन करने और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बालू घाटों, परिवहन मार्गों और खनिज भंडारण स्थलों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया।

एक महीने में पांच हाइवा जब्त, 152 टन खनिज पकड़े गए
बैठक में बताया गया कि 26 अक्टूबर से 22 नवंबर 2026 के बीच अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच हाइवा जब्त किए गए। इस दौरान 136 टन बालू और 16 टन पत्थर भी जब्त किया गया।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक अवैध खनिज कारोबारियों के खिलाफ 17 प्राथमिकी दर्ज कराई गई हैं। इसके साथ ही 108 वाहनों को जब्त किया गया और 131.79 लाख रुपये यानी करीब 1.32 करोड़ रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए हैं।
गुड़ाबांदा में बालू के अवैध कारोबार पर विशेष नजर
गुड़ाबांदा क्षेत्र में बालू के अवैध उत्खनन और परिवहन की लगातार मिल रही शिकायतों को उपायुक्त ने गंभीरता से लिया। उन्होंने जिला खनन पदाधिकारी को संबंधित इलाकों में सघन जांच अभियान चलाने, शिकायतों का सत्यापन करने और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें। खनिजों के वैध भंडारण और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जाए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम अंसारी, धालभूम एसडीएम अर्णव मिश्रा, एडीएम (विधि-व्यवस्था), घाटशिला एसडीएम अमिताभ भगत और जिला खनन पदाधिकारी सतीश नायक सहित संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

