New Delhi. टाटा स्टील की ओर से एपीएल अपोलो ट्यूब्स में प्रवर्तकों की 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी 15,510 करोड़ रुपये में खरीदने और खुली पेशकश के जरिये 26 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी हासिल करने की योजना की घोषणा के बाद सोमवार को कंपनी का शेयर 21 प्रतिशत से अधिक टूट गया। बीएसई पर कंपनी का शेयर 21.39 प्रतिशत गिरकर 1,668.15 रुपये पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 22.20 प्रतिशत टूटकर एक साल के निचले स्तर 1,651 रुपये पर आ गया था।

एनएसई पर शेयर 21.28 प्रतिशत गिरकर 1,670 रुपये पर बंद हुआ। इस गिरावट से कंपनी का बाजार पूंजीकरण 12,605.68 करोड़ रुपये घटकर 46,317.59 करोड़ रुपये रह गया। वहीं, बीएसई पर टाटा स्टील का शेयर 8.16 प्रतिशत गिरकर 163.25 रुपये पर बंद हुआ। एनएसई पर यह 8.42 प्रतिशत टूटकर 163 रुपये पर आ गया। टाटा स्टील का बाजार पूंजीकरण 18,102.57 करोड़ रुपये घटकर 2,03,792.20 करोड़ रुपये रह गया।

टाटा स्टील ने सोमवार को कहा कि उसने एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड में प्रवर्तकों की पूरी 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी 15,510 करोड़ रुपये में खरीदने के लिए समझौता किया है। इसके अलावा कंपनी खुली पेशकश के जरिये पाइप और ट्यूब बनाने वाली इस कंपनी में 26 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी 16,756 करोड़ रुपये में खरीदने की योजना बना रही है।

