Ranchi. झारखंड विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने सोमवार को आरोप लगाया कि राज्य सरकार द्वारा बुलाया गया विधानसभा का विशेष सत्र विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के ‘वोट चोरी’ के ‘झूठे’ विमर्श को आगे बढ़ाने का महज एक ‘राजनीतिक हथकंडा’ है। उनकी यह टिप्पणी सोमवार को यहां भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद आई। बैठक में 25 नवंबर से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र के लिए पार्टी की रणनीति तैयार की गई।

बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने की। झारखंड भाजपा के अध्यक्ष आदित्य साहू भी इसमें मौजूद थे। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार ने संशोधित खनन कानून और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की जारी प्रक्रिया पर चर्चा के लिए 25 नवंबर से विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है। बैठक में भाजपा विधायकों से कहा गया कि वे सत्र के दौरान सत्तारूढ़ दलों के आरोपों का तथ्यों और आंकड़ों के साथ जवाब दें।

विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक और हटिया के विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि सरकार द्वारा बुलाया गया विशेष सत्र ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर ‘इंडिया’ गठबंधन के ‘झूठे’ विमर्श को आगे बढ़ाने का महज एक ‘राजनीतिक हथकंडा’ है। जायसवाल ने कहा, एसआईआर की प्रक्रिया उपायुक्तों की निगरानी में चल रही है, जो जिला निर्वाचन अधिकारी भी हैं। एसआईआर का विरोध करने का मतलब है कि हेमंत सोरेन सरकार को अपने ही अधिकारियों पर भरोसा नहीं है।
दरअसल, सरकार इसलिए परेशान है क्योंकि मतदाता सूची से बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संसद द्वारा अगस्त में पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 का विरोध इसलिए कर रही है क्योंकि वह अवैध कोयला कारोबार को बढ़ावा देना चाहती है।

