Ranchi. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को युवाओं से अपने कौशल को लगातार बेहतर बनाने और बदलते समय के अनुरूप खुद को ढालने की अपील करते हुए कहा कि तेजी से प्रतिस्पर्धी होती दुनिया में प्रासंगिक बने रहने के लिए ऐसा करना जरूरी है। उन्होंने इस दौरान रांची स्थित हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचईसी) के पतन का उदाहरण भी दिया। सोरेन ने कहा कि एचईसी को कभी देश में कई औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने में योगदान के कारण ‘उद्योगों की जननी’ कहा जाता था, लेकिन समय के साथ खुद को नहीं बदल पाने के कारण आज यह नीलाम होने की कगार पर पहुंच गई है।

उन्होंने कहा, “एचईसी को कभी ‘उद्योगों की जननी’ कहा जाता था क्योंकि इसने देश में अन्य उद्योगों की स्थापना में मदद की थी। लेकिन आज यह नीलाम होने की कगार पर पहुंच गई है।” मुख्यमंत्री ने कहा, “ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि यह समय के साथ खुद को बदलने में विफल रही।”

सोरेन ने यह बात मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार योजना के तहत प्रशिक्षित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करने के दौरान कही। वर्ष 1958 में स्थापित एचईसी कभी इस्पात, खनन, रेलवे, बिजली, रक्षा, अंतरिक्ष अनुसंधान, परमाणु ऊर्जा और अन्य रणनीतिक क्षेत्रों के लिए भारी मशीनरी एवं पूंजीगत उपकरणों की देश की प्रमुख आपूर्तिकर्ता कंपनियों में शामिल थी। एक अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कुल 3,044 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए, इनमें कल्याण गुरुकुल में प्रशिक्षित 2,014, नर्सिंग स्किल कॉलेज के 746 और आईटीआई स्किल कॉलेज के 284 युवा शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षित 3,044 युवाओं में से 500 को रोजगार के लिए विदेश भेजा जाएगा, इनमें से अधिकांश को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और दुबई में रोजगार मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और अब केवल डिग्री हासिल कर लेना रोजगार पाने के लिए पर्याप्त नहीं है। सोरेन ने कहा, समय और जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करना बेहद जरूरी है। खासकर इसलिए क्योंकि कृत्रिम मेधा (एआई) जैसी नई तकनीकें हमारे काम करने के तरीकों को बदल रही हैं। आज हमें इससे यह सीखने की जरूरत है कि बदलाव के साथ कदम मिलाकर चलना और अपने कौशल को लगातार निखारते रहना कितना जरूरी है।

