New Delhi. टाटा स्टील ने पाइप और ट्यूब बनाने वाली कंपनी एपीएल अपोलो ट्यूब्स का नियंत्रण हासिल करने की अपनी बड़ी योजना के तहत सोमवार को खुले बाजार में लेनदेन के जरिये उसमें 10 प्रतिशत हिस्सेदारी 5,825 करोड़ रुपये में खरीदी। बीएसई के थोक सौदे के आंकड़ों के अनुसार, टाटा स्टील लिमिटेड ने दो चरणों में 2.77 करोड़ से अधिक शेयर खरीदे। ये शेयर नोएडा स्थित एपीएल अपोलो ट्यूब्स की 10 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर हैं। ये सौदे 2,100 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर हुए। इस तरह सौदों का कुल मूल्य 5,824.99 करोड़ रुपये रहा।

वहीं, एपीएल अपोलो ट्यूब्स के प्रवर्तक समूह की एक इकाई एस गुप्ता होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड ने समान संख्या में शेयर इसी कीमत पर बेचे।
इस लेनदेन के बाद कंपनी में एस गुप्ता होल्डिंग की हिस्सेदारी 26.60 प्रतिशत से घटकर 16.6 प्रतिशत रह गई। वहीं, प्रवर्तकों की कुल हिस्सेदारी 28.18 प्रतिशत से घटकर 18.18 प्रतिशत पर आ गई।

यह सौदा टाटा स्टील की उस घोषणा के बाद हुआ है, जिसमें उसने एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड में प्रवर्तकों की पूरी 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी 15,510 करोड़ रुपये में खरीदने और 2,301.40 रुपये प्रति शेयर की दर से 26 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी के लिए खुली पेशकश करने की योजना बताई थी। इस पर करीब 16,756 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

