Ranchi. झारखंड के गुमला जिले में सड़क किनारे एक बिजली के खंभे से टकराने के बाद ट्रक में आग लग गई जिससे उत्तर प्रदेश के चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे गुमला थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुमला-सिमडेगा मार्ग पर कार्तिक उरांव कॉलेज के पास उस समय हुई, जब ट्रक ने एक कार के साथ आमने-सामने की टक्कर से बचने की कोशिश की।
गुमला थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया, ‘ट्रक में आग लगने के बाद उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के निवासी 35 वर्षीय चालक पंकज कुमार की केबिन में जिंदा जलकर मौत हो गई।

वाहन 11,000 वोल्ट के बिजली के खंभे से टकरा गया था, जिसके बाद उसमें आग लग गई। साथ ही, ट्रक के बगल से कार के टकराने के कारण उसमें सवार तीन लोगों को मामूली चोंटे आईं हैं। पुलिस ने घटनास्थल से चालक के जले हुए अवशेष बरामद कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि लोहे की छड़ों से लदा यह ट्रक ओडिशा के राउरकेला से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जा रहा था। पुलिस ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।


