Jamshedpur. ठंड का मौसम शुरू होते ही टाटा जू में सैलानियों की चहल-पहल बढ़ने लगी है। परिवार के साथ घूमने और पिकनिक मनाने आने वाले पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए जू प्रबंधन ने फरवरी तक सप्ताह के सातों दिन जू खोलने का निर्णय लिया है। अब सामान्य साप्ताहिक अवकाश सोमवार को भी लोग टाटा जू की सैर कर सकेंगे। आमतौर पर टाटा जू सोमवार को बंद रहता है, लेकिन सर्दियों में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए प्रबंधन ने यह विशेष व्यवस्था की है। टाटा जू के डायरेक्टर नदीम अख्तर ने इसकी जानकारी दी। टाटा जू में 27 नवंबर को एक और खास आयोजन होने जा रहा है। बाघिन तारा और बाघ सारा अपना पहला जन्मदिन मनाएंगे।

इस मौके पर जू प्रबंधन की ओर से दोनों शावकों का जन्मदिन मनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान केक भी काटा जाएगा। टाटा जू के डायरेक्टर नदीम अख्तर के अनुसार, तारा और सारा की मां मेघना और पिता रुद्र को महाराष्ट्र के नागपुर स्थित गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर से टाटा जू लाया गया था। दोनों बाघ प्राकृतिक जंगल जैसे वातावरण में पले-बढ़े हैं और अब उनकी बेटियां तारा और सारा टाटा जू में पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। सर्दियों में जू को सातों दिन खोलने के फैसले से शहरवासियों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को घूमने के लिए अतिरिक्त अवसर मिलेगा।


