Hazaribag . झारखंड के हजारीबाग जिले में मंगलवार को 20 से अधिक लोगों को ले जा रहा एक यात्री वाहन पलटने से 30 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना टाटीझरिया थाना क्षेत्र में 17 माइल-गोधिया रोड के पास हुई।

टाटीझरिया थाना प्रभारी इंद्रजीत कुमार ने बताया, हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में से एक को रांची रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कुमार ने कहा कि हादसे की सही वजह का अभी पता नहीं चल पाया है।


