Jamshedpur. श्री गुरु नानक देव जी के 558वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर मंगलवार को लौहनगरी में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। सोनारी से साकची तक पूरा शहर गुरबाणी, कीर्तन और ‘नानक आया, नानक आया, कलि तारण गुरु नानक आया’ के जयकारों से गूंज उठा। नगर कीर्तन में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में गुरु पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। श्रद्धा, सेवा और अनुशासन का ऐसा संगम दिखा कि पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की रहनुमाई, पांच सिंह साहिबान की अगुवाई और सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के आयोजन में नगर कीर्तन की शुरुआत सुबह साढ़े 11 बजे सोनारी गुरुद्वारा साहिब से हुई। सभी की भलाई और कल्याण की अरदास के बाद नगर कीर्तन आगे बढ़ा।

फूलों से सजी भव्य पालकी साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज विराजमान थे। पालकी साहिब की सेवा सूरज ऑटोमोबाइल के विरदी परिवार की ओर से की गई। नगर कीर्तन में सबसे आगे सिख मार्शल आर्ट की गतका टीमें अपने हैरतअंगेज करतब दिखाते हुए चल रही थीं। गुरुद्वारा कमेटी द्वारा संचालित धार्मिक विद्यालय, मिडिल स्कूल और हाई स्कूल के बच्चे अनुशासित तरीके से ड्रिल करते हुए तथा गुरबाणी का गायन करते हुए आगे बढ़ रहे थे। पालकी साहिब के पीछे 30 से अधिक स्त्री सत्संग सभाओं की जत्थेदारों ने कीर्तन प्रस्तुत किया। उनके मधुर शबद गायन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

सांसद, विधायक और अधिकारियों ने टेका मत्था
सोनारी गुरुद्वारा साहिब में सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व मंत्री एवं विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा महतो, पूर्व सांसद सुमन महतो, उपायुक्त राजीव रंजन, एसडीओ अर्णव मिश्रा, जिला बीस सूत्री कमेटी के उपाध्यक्ष मोहन कर्मकार, पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह, जदयू अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव और महावीर मुर्मू समेत कई गणमान्य लोगों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका। सभी ने शहरवासियों को गुरु पर्व की बधाई देते हुए श्री गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। वक्ताओं ने देश की आजादी, सुरक्षा और विकास में सिख समाज के योगदान को प्रेरणादायक और अनुकरणीय बताया।
जगह-जगह सेवा शिविर, साकची में हुआ समापन
नगर कीर्तन सोनारी गुरुद्वारा से निकलकर सर्किट हाउस, जुस्को गोलचक्कर, कीनन स्टेडियम और साकची गोलचक्कर होते हुए साकची गुरुद्वारा पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में खालसा क्लब, रामगढ़िया सभा समेत विभिन्न सामाजिक एवं सिख संगठनों की ओर से सेवा शिविर लगाए गए थे। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह सेवा और सहयोग की व्यवस्था की गई थी। नगर कीर्तन की व्यवस्था में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह, चेयरमैन शैलेंद्र सिंह, गुरमीत सिंह तोते, सोनारी गुरुद्वारा के प्रधान बलबीर सिंह गिल समेत विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों और स्त्री सत्संग सभाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य जुटे रहे। सिख नौजवान सभा के अमरीक सिंह, इंदर सिंह और सिमरन सिंह भाटिया की टीम ने नगर कीर्तन के नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली।

