Mumbai . सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) और आर डी टाटा ट्रस्ट (आरडीटीटी) ने बंबई उच्च न्यायालय में टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ बृहस्पतिवार को मुकदमे दायर किए।
दोनों ट्रस्ट ने एन चंद्रशेखरन को कंपनी के कार्यकारी चेयरमैन के रूप में तीसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए फिर से नियुक्त किए जाने को चुनौती दी है। एसडीटीटी ने 50 करोड़ रुपये और आरडीटीटी ने 15 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। दोनों ट्रस्ट ने इस राशि पर सालाना 18 प्रतिशत ब्याज भी मांगा है।

मुकदमों के अनुसार, चंद्रशेखरन को दोबारा नियुक्त करने के लिए टाटा संस के निदेशक मंडल की 17 सितंबर को पारित प्रस्ताव अमान्य था, क्योंकि इसे कंपनी के अंतर्नियमों (एओए) के अनुच्छेद 121 के तहत जरूरी समर्थन में मत नहीं मिला था। उच्च न्यायालय की एकल पीठ शुक्रवार को इन मुकदमों पर सुनवाई कर सकती है। ट्रस्ट ने तत्काल राहत के तौर पर यह मांग की है कि 30 नवंबर को होने वाली निदेशक मंडल की बैठक में नामित निदेशकों के बीच मतभेद की स्थिति में टाटा संस के चेयरमैन अपने निर्णायक मताधिकार का इस्तेमाल न कर सकें।

यह विवाद 17 सितंबर को निदेशक मंडल की बैठक में चंद्रशेखरन को टाटा संस का कार्यकारी चेयरमैन अगले पांच साल के लिए फिर से नियुक्त किए जाने के बाद शुरू हुआ। दोनों ट्रस्ट ने बुधवार रात बंबई उच्च न्यायालय जाने के प्रस्तावों को मंजूरी दी थी। उनका कहना है कि 17 सितंबर के बाद से इस मामले में भेजे गए पत्रों का कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

