Patna. बिहार में छठ मनाने वाली महिलाओं के खिलाफ अश्लील टिप्पणी करने के आरोपों को लेकर विवादों में घिरे स्टैंडअप कॉमेडियन यश महेश्वरी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक संगीता कुमारी और पार्टी की अन्य महिला नेताओं ने बृहस्पतिवार को पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने शहर के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके एक दिन पहले पटना पुलिस ने बताया था कि महेश्वरी के वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए उसकी साइबर इकाई ने प्राथमिकी दर्ज की है। वीडियो को लेकर बिहार के लोगों में आक्रोश है और इसकी निंदा की जा रही है।

पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद बातचीत के दौरान कुमारी ने कहा, ‘हम उस स्टैंडअप कॉमेडियन के खिलाफ यथासंभव कठोर कार्रवाई चाहते हैं, जिसने सिंदूर लगाने की परंपरा को अपमानित करने की कोशिश की। यह एक प्राचीन परंपरा है। इससे पहले हिंदू शिव भवानी सेना नामक स्थानीय संगठन ने भी महेश्वरी के खिलाफ इसी तरह की शिकायत दर्ज कराई थी। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष लव कुमार सिंह ने इस मौके पर कहा, ”यश महेश्वरी को यह समझना चाहिए कि महिलाएं अपने पति की मंगलकामना और कल्याण के लिए सिंदूर लगाती हैं। बिहार सरकार और पुलिस को उनके शर्मनाक बयान के लिए उन्हें दंडित करना चाहिए।’


