Mumbai. बंबई उच्च न्यायालय ने टाटा संस के कार्यकारी चेयरमैन के रूप में एन चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को चुनौती देने वाली टाटा ट्रस्ट की याचिकाओं पर शुक्रवार को तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया। अदालत ने कहा कि टाटा संस के निदेशक मंडल की 30 नवंबर को होने वाली बैठक निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप हो सकती है, लेकिन उसमें लिए गए किसी भी फैसले का भविष्य अदालत के अंतिम आदेश पर निर्भर करेगा।

न्यायमूर्ति अभय आहूजा की पीठ ने कहा, ”हम आज कोई राहत नहीं दे रहे हैं। 30 नवंबर की बैठक निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप होने दीजिए। बैठक में लिए गए किसी भी फैसले का भविष्य हमारे अंतिम आदेश पर निर्भर करेगा। टाटा ट्रस्ट से जुड़े सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) और आरडी टाटा ट्रस्ट (आरडीटीटी) ने चंद्रशेखरन को तीसरी बार चेयरमैन नियुक्त किए जाने के फैसले को चुनौती देते हुए टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ दो याचिकाएं दायर की हैं। दोनों ट्रस्ट ने अदालत से बोर्ड की बैठक टालने या उस पर रोक लगाने अथवा चंद्रशेखरन को कार्यकारी चेयरमैन के रूप में अपना मत देने से रोकने का अनुरोध किया था।

याचिकाओं के मुताबिक, 17 सितंबर को चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति के संबंध में टाटा संस के निदेशक मंडल का प्रस्ताव अमान्य था, क्योंकि इसे कंपनी के अंतर्नियमों के अनुच्छेद 121 के तहत जरूरी समर्थन मत नहीं मिले थे। यह विवाद टाटा समूह की प्रमुख कंपनी टाटा संस को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने के मुद्दे पर टाटा ट्रस्ट और कंपनी प्रबंधन के बीच उभरे मतभेदों के बीच सामने आया है। टाटा संस में करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले टाटा ट्रस्ट कंपनी को गैर-सूचीबद्ध बनाए रखने के पक्ष में हैं। वहीं, टाटा संस का शीर्ष नेतृत्व इसकी वकालत कर रहा है।
इस विवाद के बीच दायर याचिकाओं में तत्काल राहत के तौर पर यह अनुरोध भी किया गया था कि 30 नवंबर की बैठक में नामित निदेशकों के बीच मतभेद होने की स्थिति में टाटा संस के चेयरमैन अपने निर्णायक मत का इस्तेमाल नहीं कर सकें।
शुक्रवार की सुनवाई के दौरान दोनों ट्रस्ट के वकीलों ने बोर्ड बैठक स्थगित करने का अनुरोध भी किया, लेकिन टाटा संस ने इसका विरोध किया।

