Jamshedpur. कोलकाता में 20 दिसंबर को होने वाली टाटा स्टील विश्व 25के (25 किमी) में कई अंतरराष्ट्रीय स्टार खिलाड़ी भाग लेंगे जिनमें कीनिया के इसाया किपकोच लासोई और इथियोपिया की मौजूदा चैंपियन डेगिटु अजीमेरा भी शामिल हैं। विश्व के लंबी दूरी के कुछ शीर्ष धावक 174,296 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि वाली प्रतियोगिता में अपना कौशल दिखाएंगे।

इस प्रतियोगिता को वर्ल्ड एथलेटिक्स से गोल्ड लेबल का दर्जा हासिल है। पुरुषों और महिलाओं के लिए समान पुरस्कार राशि रखी गई है। प्रत्येक प्रतियोगिताओं में शीर्ष तीन पर रहने वाले खिलाड़ियों को क्रमशः 15,000 अमेरिकी डॉलर, 10,000 डॉलर और 7,000 डॉलर की पुरस्कार राशि मिलेगी। लासोई ने कहा, ‘मैं इस प्रतियोगिता में पहली बार 25 किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा ले रहा हूं और इसे यादगार बनाने के लिए प्रतिबद्ध हूं।’’


