Ranchi. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने शनिवार को कहा कि वह परिसीमन विधेयक के प्रावधानों का अध्ययन करने तथा राज्य पर उसके प्रभावों का आकलन करने के बाद एक-दो दिन में इस प्रस्तावित कानून पर अपना रूख स्पष्ट करेगा। यह निर्णय यहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सरकारी आवास पर उनकी अध्यक्षता में हुई झामुमो के सांसदों की बैठक में लिया गया।

राज्यसभा सदस्य महुआ माझी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ हमें शुक्रवार रात को विधेयकों की प्रतियां मिलीं। मुख्यमंत्री ने पार्टी के सभी सांसदों से कहा है कि वे विधेयकों का ठीक से अध्ययन करें ताकि यह पता चल सके कि वे झारखंड के हित में हैं या नहीं। मुख्यमंत्री विशेषज्ञों की राय भी लेंगे। अध्ययन के बाद एक-दो दिनों में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।’’ बैठक में राज्यसभा सदस्य सरफराज अहमद और बैद्यनाथ राम तथा लोकसभा सदस्य विजय हांसदा, जोबा मांझी और नलिन सोरेन भी उपस्थित थे।

नलिन सोरेन ने कहा कि पार्टी इस बात का अध्ययन कर रही है कि प्रस्तावित बदलावों के तहत झारखंड में आदिवासियों के लिए आरक्षित सीट की संख्या आनुपातिक रूप से बढ़ेगी या नहीं। उन्होंने कहा, अगर आदिवासी सीट में आनुपातिक रूप से वृद्धि होती है, तो ठीक है। हम इस पर विचार करेंगे। अहमद ने कहा कि विधेयकों में यह स्पष्ट रूप से निर्दिष्ट नहीं किया गया है कि अनुसूचित जनजातियों, अनुसूचित जातियों और अन्य पिछड़ा वर्गों की सीट में किस हद तक वृद्धि होगी।
केंद्र सोमवार को लोकसभा में एक नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने वाला है, जिसका उद्देश्य लोकसभा में प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के लिए सीट आवंटन के साथ-साथ उनकी संबंधित विधानसभाओं की सीट-संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि करके महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करना है।

