Saraikela. सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में रविवार को गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना में मोहम्मद फैयाज आलम उर्फ पिजू (37) गोली लगने से घायल हो गया। गोली उसकी कमर को छूते हुए निकल गई। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल उसे पीसीआर वाहन से ब्रह्मानंद अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर मोहम्मद शोएब (20) नामक युवक को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ कर घटना में उसकी भूमिका का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार घटनास्थल पर दो राउंड गोलियां चलाई गई थीं घायल के दोस्त और डांगरडीह निवासी मोहम्मद साजिद ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि इलाके में कथित तौर पर ब्राउन शुगर की बिक्री का विरोध करने पर युवकों के एक समूह ने गोलीबारी की। साजिद के मुताबिक, घटनास्थल पर चार से पांच युवक मौजूद थे। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उसे निशाना बनाकर गोली चलाई, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद दूसरी गोली मोहम्मद फैयाज उर्फ पिजू को लग गई। साजिद ने अयान बच्चा और लक्की नामक युवकों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है।

हालांकि, ब्राउन शुगर के कारोबार और गोलीबारी में इन युवकों की कथित संलिप्तता की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

