Jamshedpur. टाटा मोटर्स के कर्मचारी सुबोध पात्रो की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर हुए आंदोलन के मामले में कंपनी प्रबंधन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कंपनी के पांच प्रमुख गेट जाम करने और हंगामा करने के आरोप में मजदूर नेता बंटी सिंह समेत 18 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसके अलावा 50 से 60 अज्ञात लोगों को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। कंपनी के सुरक्षा अधिकारी और बागबेड़ा निवासी शिवाकांत सिंह के लिखित बयान पर यह प्राथमिकी दर्ज की गई है।

आरोप है कि बंटी सिंह और उनके समर्थकों ने सुनियोजित तरीके से आंदोलन आयोजित कर कंपनी के पांचों गेट को पूरी तरह जाम कर दिया था। इस दौरान आंदोलनकारियों पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने, कर्मचारियों की आवाजाही रोकने और क्षेत्र की लोकशांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। टाटा मोटर्स के कर्मचारी सुबोध पात्रो की मौत के बाद उनके परिजनों को मुआवजा देने की मांग उठी थी। इसी मांग को लेकर कंपनी गेट पर करीब पांच दिनों तक प्रदर्शन और हंगामा चला था। आंदोलन के दौरान कंपनी के पांच प्रमुख गेट जाम किए जाने की बात सामने आई है। अब इस मामले में कंपनी प्रबंधन की ओर से कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।

इन 18 लोगों पर दर्ज हुई नामजद प्राथमिकी
पुलिस ने जिन 18 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है, उनमें बंटी सिंह (गोविंदपुर), भीम कामत (जेम्को आजाद बस्ती), अनिल कुमार (जेम्को), जय प्रकाश सिंह (जेम्को आजाद बस्ती), प्रेम कुमार (जेम्को बेलगुड़ा), बिंदू सिंह (जेम्को चौक), कल्लू रजक (गोविंदपुर), धीरज वर्मा (जेम्को चौक), गुरविंदर सिंह उर्फ राजा दूबे, अप्पू तिवारी (गोलमुरी), सन्नी ठाकुर (आजाद बस्ती), अविनाश झा उर्फ गबरू, निखिल राज (टेल्को), बृजानंद पाठक (कृष्णानगर, गोविंदपुर), जय राम सोरिंग (गोविंदपुर बड़ा बस्ती), पिंकी सिंह (गोविंदपुर) और संगीता कुमारी (गोविंदपुर पटेल नगर) शामिल हैं।
इसके अलावा 50 से 60 अज्ञात लोगों को भी प्राथमिकी में आरोपी बनाया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।

