New Delhi. केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन तथा पार्टी के लोकसभा और राज्यसभा सदस्यों ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री की पार्टी नेताओं के साथ यह मुलाकात सरकार द्वारा लोकसभा में 132वां संविधान संशोधन विधेयक पेश किये जाने से एक दिन पहले हुई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव (संगठन) बीएल संतोष के अलावा, 30 से अधिक सांसदों और मंत्रियों ने प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास, सात लोक कल्याण मार्ग पर उनके साथ चाय पर मुलाकात की। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर की गई पोस्ट में कहा, ‘सात लोक कल्याण मार्ग में भाजपा संसदीय दल की कार्यकारी समिति के साथ बेहतरीन बैठक हुई। विभिन्न विषयों पर सार्थक बातचीत हुई। परिसीमन के जरिए महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने की कोशिश को विपक्ष द्वारा विफल किये जाने के सात महीने बाद, मोदी सरकार सोमवार को लोकसभा में एक नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने जा रही है। इस विधेयक में लोकसभा और राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं की मौजूदा सीट में 50 प्रतिशत सीट बढ़ाने का प्रस्ताव है।

इधर, भाजपा ने रविवार को अपने लोकसभा सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी कर सोमवार से बृहस्पतिवार तक संसद की विशेष बैठक के दौरान सदन में उपस्थित रहने और सरकार के रुख का समर्थन करने को कहा। व्हिप सदन के सदस्यों के लिए जारी किया जाने वाला सबसे सख्त निर्देश होता है। इसका उल्लंघन करने पर गंभीर कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक संजय जायसवाल ने व्हिप जारी करते हुए कहा, ‘‘लोकसभा में भाजपा के सभी सदस्यों को सूचित किया जाता है कि 30 नवंबर 2026, सोमवार से तीन दिसंबर 2026, बृहस्पतिवार तक लोकसभा में कुछ बेहद महत्वपूर्ण विधायी कार्य पारित कराने के लिए पेश किए जाएंगे।

जायसवाल ने कहा, ‘इसलिए लोकसभा में भाजपा के सभी सदस्यों से अनुरोध है कि वे 30 नवंबर 2026 से तीन दिसंबर 2026 तक सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और सरकार के रुख का समर्थन करें।’’ नरेन्द्र मोदी सरकार सोमवार को लोकसभा में एक नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इसके जरिए 2029 से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण को लागू करने का प्रस्ताव है।

