Jamshedpur. महंगाई का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंचने वाला है। एक दिसंबर 2026 से सुधा दूध और अन्य दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी होने जा रही है। बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड ने कीमतों में संशोधन की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत पैकेट वाले दूध की कीमतों में तीन से चार रुपये प्रति लीटर तक इजाफा किया गया है। नई दरें एक दिसंबर से लागू होंगी। फेडरेशन की ओर से दूध के साथ अन्य दुग्ध उत्पादों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की घोषणा की गई है। इससे दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं के साथ दुग्ध उत्पादों का इस्तेमाल करने वाले परिवारों का मासिक बजट भी प्रभावित होगा। खासकर नियमित रूप से दूध खरीदने वाले मध्यमवर्गीय परिवारों पर इसका सीधा असर पड़ने की संभावना है। उत्पादन लागत बढ़ने का दिया हवाला

कॉम्फेड के सहायक महाप्रबंधक अमरेंद्र ने बताया कि पशु चारा, खल्ली, भूसा और दाना की कीमतों में वृद्धि हुई है। इसके अलावा ईंधन, पैकेजिंग सामग्री और परिवहन खर्च भी बढ़े हैं। उत्पादन लागत में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया था। कॉम्फेड के अनुसार कीमतों में बढ़ोतरी का उद्देश्य बढ़ती लागत के बीच दुग्ध कारोबार से जुड़े किसानों और विक्रेताओं के हितों को सुरक्षित रखना भी है। दूध उत्पादन और आपूर्ति की प्रक्रिया में आने वाले खर्च को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। एक दिसंबर से नई दरें लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को दूध और दुग्ध उत्पादों के लिए पहले की तुलना में अधिक कीमत चुकानी होगी।


