Jamshedpur. शहर में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था मजबूत करने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने रात में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। रविवार की रात पुलिस की टीमें चार थाना क्षेत्रों में सड़कों पर उतरीं और देर रात तक पैदल गश्ती अभियान चलाया। इस दौरान प्रमुख सड़कें, बाजार और संवेदनशील इलाकों में पुलिसकर्मियों ने पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अभियान का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर गोलमुरी, बर्मामाइंस, बिष्टुपुर और साकची थाना क्षेत्रों में विशेष पैदल गश्ती की गई। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया।

अपराध की दृष्टि से संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को रात्रि गश्ती व्यवस्था प्रभावी बनाने का निर्देश दिया है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है। पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखने की जिम्मेदारी भी दी गई है।


