


Hazaribag. झारखंड के हजारीबाग जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े चार हथियारबंद अपराधियों ने एक बैंक से करीब 7 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और पांच लाख रुपये की नकदी लूट ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना बरही थाना क्षेत्र के अंतर्गत बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में दोपहर करीब 3:10 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, अपराधी दोपहर के भोजन (लंच टाइम) के दौरान बैंक में दाखिल हुए थे।
बरही के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अजीत कुमार विमल ने बताया, “चार हथियारबंद अपराधी बैंक में घुसे और उन्होंने प्रबंधक सहित चार कर्मचारियों को बंधक बना लिया। अपराधियों ने बंदूक दिखाकर उनसे तिजोरी खुलवाई और 7 करोड़ रुपये मूल्य का तीन किलोग्राम सोना तथा 5 लाख रुपये नकद लूट लिए। एसडीपीओ ने बताया कि घटना के समय बैंक में कोई ग्राहक मौजूद नहीं था। पुलिस ने बताया कि अपराधियों का सुराग लगाने के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।



