Kolkata. कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एक शौचालय में शुक्रवार सुबह टिश्यू पेपर पर हाथ से लिखा एक नोट मिला, जिसमें विमान में सवार होने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले एक द्वार (‘बोर्डिंग गेट’) पर बम होने की चेतावनी दी गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने हवाई अड्डे पर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘तलाशी अभियान जारी है और अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। उड़ानों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ है।’’
उन्होंने कहा, हमारे एक सफाई कर्मचारी को महिलाओं के शौचालय में टिश्यू पेपर पर लिखा एक नोट मिला, जिसमें ‘बोर्डिंग गेट’ संख्या 30 पर बम होने की चेतावनी दी गई थी। कर्मचारी ने प्राधिकारियों को इसकी सूचना दी। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद ‘बोर्डिंग गेट’ के आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया और बम निरोधक दस्ते ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों के साथ मिलकर पूरे हवाई अड्डे पर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।

बिधाननगर शहर पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, पुलिस नोट बरामद करने वाले सफाई कर्मचारी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है कि नोट किसने छोड़ा था। हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि पूरे हवाई अड्डे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, लेकिन उड़ानों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ है।
यह घटना हवाई अड्डे पर आठ अक्टूबर को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिलने के करीब दो सप्ताह बाद हुई है। उस ईमेल में हवाई अड्डा परिसर में विस्फोटक रखे होने की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों को सतर्क किया और हवाई अड्डे के कुछ हिस्सों को खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी।

