


Saraikela: जिले में चलाए जा रहे विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के तहत आदित्यपुर पुलिस को बीती रात अहम सफलता मिली. ये जानकारी आज हुई प्रेस वार्ता में दी गई. पुलिस ने 16 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान सोनू सोनकर के रूप में की गई है.
जानकारी के अनुसार पुलिस आशियाना मोड़ के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी. इसी दौरान एक युवक पुलिस को देख गम्हरिया की ओर भागने लगा. उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर शक होने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और मौके पर ही उसे पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान उसके पास से 16 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका कुल वजन 3.42 ग्राम है, और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ. पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके.



