

Adityapur. सरायकेला-खरसावां जिले के अति-व्यस्त आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आशियाना चौक से सोमवार शाम एक युवक का अपहरण किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि, सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गियारी की तत्परता और पूरे जिले में तत्काल कराई गई सघन नाकेबंदी के कारण पुलिस की घेराबंदी से घबराए आरोपी युवक हामिद उर्फ अल्ताफ को कपाली के पास तमोलिया में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटनाक्रम के संबंध में चश्मदीदों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब चार से पांच युवक काले रंग की संदिग्ध चार पहिया गाड़ी से आशियाना चौक पहुंचे। आरोपियों ने वहां खड़ी एक सफेद कार से हामिद उर्फ अल्ताफ को जबरन नीचे उतारा और अपनी गाड़ी में बैठा लिया तथा गम्हरिया-कांड्रा मार्ग की ओर तेजी से भाग निकले। घटना के तुरंत बाद युवक के मामा अफसर अली ने पुलिस को सूचित करते हुए हथियार के बल पर भांजे के अपहरण का आरोप लगाया।
अपहरण की सूचना मिलते ही सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गियारी ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया और पूरे जिले की पुलिस को हाई अलर्ट पर डाल दिया। एसपी के निर्देश पर सरायकेला, आदित्यपुर, गम्हरिया, कपाली और जमशेदपुर से सटने वाली सभी सीमाओं पर बैरिकेडिंग कर सघन वाहन जांच शुरू कर दी गई। हर रास्ते पर पुलिस की चेकिंग देख घबराए अपहरणकर्ता युवक अल्ताफ को तमोलिया के पास सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले, जहां से पुलिस ने उसे सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस सूत्रों और प्रारंभिक तफ्तीश के अनुसार पूरा मामला आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। जांच में सामने आया है कि घटना से ठीक पहले पीड़ित अल्ताफ ने आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती के कुछ परिचित युवकों को फोन कर किसी विवाद की आशंका जताई थी और मौके पर पहुंचने को कहा था। अल्ताफ करीब 5 साल पहले आदित्यपुर में रहता था।

