


New Delhi. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे जिसमें पाकिस्तान के साथ 1960 की सिंधु जल संधि को स्थगित करने के मद्देनजर भविष्य की कार्रवाई पर चर्चा की जाएगी. सूत्रों ने बताया कि बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल और कई मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे. उन्होंने बताया कि बैठक में भविष्य की कार्रवाई और संधि को स्थगित करने के फैसले को कैसे लागू किया जाए, इस पर चर्चा होने की उम्मीद है.
भारत ने पहले ही पाकिस्तान को सिंधु जल संधि को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने के अपने निर्णय से अवगत करा दिया है और कहा है कि पाकिस्तान ने संधि की शर्तों का उल्लंघन किया है. भारत ने 1960 में हुई संधि को स्थगित करने का निर्णय मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की हत्या के बाद लिया है, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे.
विश्व बैंक की मध्यस्थता से 1960 में भारत और पाकिस्तान ने सिंधु जल संधि की थी. यह समझौता दोनों देशों को सिंधु नदी और उसकी सहायक नदियों के उपयोग के तौर तरीकों का प्रावधान करता है.



