


New Delhi. चार राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनावों में सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के गोपाल इटालिया ने गुजरात की विसावदर सीट पर जीत दर्ज की वहीं उनकी पार्टी ने पंजाब में लुधियाना पश्चिम सीट भी बरकरार रखी, जबकि केरल में कांग्रेस नीत यूडीएफ ने सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) से नीलांबुर सीट छीन ली. वहीं, गुजरात में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कडी सीट बरकरार रखी, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की कालीगंज विधानसभा सीट पर फिर से जीत दर्ज की.
इन पांचों निर्वाचन क्षेत्रों में उपचुनाव के तहत 19 जून को मतदान हुआ था. केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि दोनों सीटों पर कांग्रेस और भाजपा, दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ीं. इन दोनों का एक ही मकसद था – आप को हराना. लेकिन लोगों ने दोनों ही जगह इन पार्टियों को नकार दिया. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी की जीत के लिए लोगों को बधाई देते हुए कहा कि भारी बढ़त के साथ यह जीत स्पष्ट संकेत है कि राज्य के लोग सरकार के काम से ‘बेहद खुश’ हैं. उन्होंने कहा, ‘हम पंजाब की प्रगति और समृद्धि के लिए पूरी ईमानदारी और बिना किसी भेदभाव के दिन-रात काम कर रहे हैं.’
पश्चिम बंगाल में, कालीगंज विधानसभा सीट पर हुए उप चुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार अलीफा अहमद ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार आशीष घोष को 50,049 मतों के भारी अंतर से हराया. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘क्षेत्र के सभी धर्मों, जातियों, नस्लों और पेशे के लोगों ने कालीगंज विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करके हमें अपार आशीर्वाद दिया है. मैं विनम्रतापूर्वक उनके प्रति आभार व्यक्त करती हूं.’
उन्होंने कहा, ‘इस जीत के मुख्य सूत्रधार ‘मां, माटी और मानुष’ हैं. कालीगंज के मेरे साथियों ने इसके लिए अथक परिश्रम किया है. मैं उन्हें भी हार्दिक बधाई देती हूं.’



