


Kolkata. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद के लिए नामित शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार शाम राज्यपाल आर एन रवि से मुलाकात की और राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली पहली सरकार बनाने का दावा पेश किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के दो घंटे बाद अधिकारी लोकभवन पहुंचे। इस दौरान उनके साथ भाजपा के कई शीर्ष नेता भी मौजूद थे, जिनमें केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, सुकांत मजूमदार और शांतनु ठाकुर, ओडिशा के मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक दल की बैठक के सह-पर्यवेक्षक मोहन चरण माझी, भाजपा की बंगाल इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, और पार्टी की प्रदेश इकाई के अन्य वरिष्ठ नेता जैसे दिलीप घोष, लॉकेट चटर्जी और तापस रॉय शामिल थे।
हाल में संपन्न हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 294 सीट में से 207 सीट जीतकर विजय पताका फहराई, जबकि तृणमूल कांग्रेस केवल 80 सीट पर सिमट गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, शीर्ष केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा शासित राज्यों के लगभग 20 मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक भव्य समारोह में अधिकारी और उनकी मंत्रिपरिषद का शपथग्रहण होगा। अधिकारी बंगाल के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।



