


Bokaro. बोकारो में गुरुवार को विस्थापित अप्रेंटिस संघ पर हुई लाठी चार्ज के बाद हुई मौत पर बवाल बढ़ गया है. इसके बाद आजसू ने बोकारो बंद की घोषणा की. शुक्रवार सुबह से ही इसका असर जिले में दिखने लगा है. बोकारो स्टील प्लांट के सभी गेट को बंद कर दिया गया है. कई प्रमुख सड़कों को लोगों ने जाम लगा दिया है. आक्रोशितों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ करते हुए आगजनी की घटना को भी अंजाम दिया है. बंद का समर्थन कर रहे लोगों में बीएसएल के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है.
बंद समर्थकों ने सुबह 4 बजे इलेक्ट्रो स्टील की एक बस को आग लगा दी. यह बस सेक्टर 9 के स्टाफ को लाने जा रही थी। नया मोड़ बस स्टैंड से भी कोई बस नहीं चल रही है. वहीं, बोकारो के नया मोड़ स्थित दुंदीबाग में उपद्रवियों ने एक बुलेट बाइक में आग लगा दी. इस घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया वहीं, तेनुघाट डैम से शहर में पानी आता है,
उसके नहर को काट दिया गया. इससे जलापूर्ति प्रभावित हो सकती है. शहर के प्रमुख स्थानों पर बंद समर्थक सक्रिय हैं और विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. गुरुवार रात 8 बजे ही विस्थापितों ने सिटी सेंटर की सारी दुकानों को बंद करा दिया था.



