Jamshedpu. गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में 24 सितंबर को हुई बड़ी डकैती के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध पांच अपराधियों की तस्वीरें जारी की हैं। जमशेदपुर के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि अपराधियों के संबंध में पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति को दो-दो लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। यानी पांचों अपराधियों की पहचान या गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने पर कुल 10 लाख रुपये तक का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस और बैंक से मिली जानकारी के अनुसार, पांच हथियारबंद अपराधियों ने बैंक में घुसकर कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को हथियार के बल पर बंधक बनाया और वारदात को अंजाम दिया। अपराधी बैंक से करीब 23.800 किलोग्राम मॉरगेज गोल्ड और लगभग 40 से 42 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

बैंक के अनुसार लूटे गए सोने की कीमत करीब 33.20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। डकैती की पूरी वारदात बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। घटना के उद्भेदन के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में 20 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया है। टीम बैंक के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही अपराधियों के आने-जाने वाले संभावित रास्तों की भी जांच कर रही है


