


Ranchi. भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार झारखंड के तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार 11 अप्रैल की शाम रांची पहुंचे. राजधानी के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर राज्य के मुख्य चुनाव पदाधिकारी के रविकुमार ने उनका स्वागत किया. देर शाम होटल रेडिसन ब्लू में राज्य की मुख्य सचिव अलका तिवारी, डीजीपी अनुराग गुप्ता व गृह सचिव वंदना डाडेल ने अन्य अधिकारियों के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की. इसे औपचारिक भेंट बताया गया.
अधिकारियों के बीच चुनाव प्रक्रिया व हाल ही में संपन्न लोकसभा व विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई. 12 अप्रैल को मुख्य चुनाव आयुक्त रजरप्पा जायेंगे. वहां मां छिन्नमस्तिका की पूजा-अर्चना के बाद वह सीसीएल गेस्ट हाउस में लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में भाग लेनेवाले वॉलेंटियर्स से मिलेंगे. चुनाव से संबंधित उनके अनुभव जानेंगे. मुख्य चुनाव आयुक्त शनिवार की शाम पतरातू भी जायेंगे. 13 अप्रैल को वह दशम जलप्रपात जायेंगे. वहां दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत ब्लॉक लेबर ऑफिसर (बीएलओ) के साथ मुलाकात कर उनसे संवाद करेंगे. उनके अनुभव व सुझाव सुनेंगे. रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त तमाड़ में देवड़ी मंदिर व रांची में पहाड़ी मंदिर का भ्रमण भी करेंगे. भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आगमन की तैयारी में रांची जिला प्रशासन व मुख्य चुनाव आयुक्त कार्यालय जुटा है.



