


Chaibasa : आजसू पार्टी ने संगठनात्मक अनुशासन को ध्यान में रखते हुए सख्त कदम उठाया है. पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो के निर्देश पर और पश्चिमी सिंहभूम जिला समिति की अनुशंसा के आधार पर डॉ. रीना गॉडसोरा को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है. इसके साथ ही उनकी प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी गई है. इस संबंध में जानकारी देते हुए आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष मो. हसन अंसारी ने सोमवार को औपचारिक रूप से यह कार्रवाई की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि पार्टी संगठन की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने के लिए यह आवश्यक कदम उठाया गया है.
हालांकि, डॉ. रीना गॉडसोरा को निष्कासन के पीछे क्या कारण रहे, इसका विस्तृत विवरण पार्टी की ओर से नहीं दिया गया है. लेकिन सूत्रों का मानना है कि हाल के दिनों में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने और संगठनात्मक निर्देशों की अनदेखी करने के कारण यह निर्णय लिया गया. आजसू पार्टी ने साफ कर दिया है कि अनुशासनहीनता या पार्टी विरोधी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे व्यक्ति किसी भी पद पर क्यों न हो.



