


Chaibasa. उपायुक्त चंदन कुमार व पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की संयुक्त अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई. उपायुक्त ने विगत बैठक में दिये निर्देश के आलोक में अबतक हुई प्रगति का जांच की. उपायुक्त ने छापेमारी में जब्त बालू की नीलामी की जानकारी ली. निर्देश दिया कि बालू के अवैध उठाव और परिवहन पर सख्त रूप से रोक लगायें. इस दिशा में उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें. बैठक में सभी वन प्रमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी व अंचलाधिकारी उपस्थित रहे.
उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता व पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की उपस्थिति में नारकोटिक्स समिति की भी बैठक हुई. जिन अंचल और थाना क्षेत्रों से पूर्व में अफीम की अवैध खेती से संबंधित रिपोर्ट नहीं दी गयी, उन्हें जांच कर एक सप्ताह में जमा करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील की है कि क्षेत्र में कहीं भी अफीम की अवैध खेती हो रही है, तो सूचना संबंधित थाना, अंचल या जिला मुख्यालय को आवश्यक रूप से दें.



