


Chaibasa.चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए 6 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। अब तक 8 उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। जबकि अध्यक्ष पद के लिए 11 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदा है। मंगलवार को झामुमो समर्थित प्रत्याशी नितिन प्रकाश ने नामांकन पत्र दाखिल किया। शहर के सेनटोला से उनके द्वारा नामांकन यात्रा निकल गई, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता शामिल हुए। गाजा बाजा के साथ नामांकन यात्रा निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय पहुंची और फिर नामांकन पत्र दाखिल किया गया।
इस दौरान नितिन प्रकाश के साथ झामुमो के जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम, सचिव राहुल आदित्य, चाईबासा चेंबर के अध्यक्ष संजय चौबे, निवर्तमान अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, घनश्याम दरबार, दीपक साव, पंकज चिरानिया सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। नितिन प्रकाश ने कहा कि वह जन सेवा के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनता यदि मौका देती है तो पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करेंगे। चाईबासा को पूरे राज्य में स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित शहर बनाना है।
भाजपा समर्थित प्रत्याशी रमेश खिरवाल ने गाजा बाजा के साथ शहर में जुलूस निकालकर नामांकन पत्र दाखिल किया। वैसे तो भारतीय जनता पार्टी से वरिष्ठ नेता अनूप कुमार सुल्तानिया और देवी शंकर दत्ता भी चुनाव लड़ रहे हैं और नामांकन पत्र भी दाखिल कर दिया है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने रमेश खिरवाल को पार्टी का समर्थित उम्मीदवार घोषित किया है। उनके नामांकन यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, जेबी तुबिद, पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष राम, सतीश पुरी व संजय पांडेय, जिला महामंत्री प्रताप कटियार, भूषण पाट पिंगुवा, हेमंत केसरी, अनिल खिरवाल, पंकज खिरवाल, अशोक विजयवर्गीय, विकास चंद्र मिश्रा, दिलीप अग्रवाल, गौरीशंकर चिरानिया, राकेश बबलू शर्मा, चंदन झा, पवन शर्मा, रवि विश्वकर्मा, सन्नी पासवान, जितेंद्र ओझा, सुशीला पुरती सहित भारतीय जनता पार्टी के अन्य नेता, कार्यकर्ता और शहर के गणमान्य लोग शामिल हुए।
रमेश खिरवाल ने पूर्व सांसद गीता कोड़ा और जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू के साथ निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय में प्रवेश किया और नामांकन पत्र समर्पित किया। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद मीडिया से बात करते हुए रमेश खिरवाल ने चाईबासा के लोगों से अपील किया कि चाईबासा के समग्र विकास के लिए उन्हें अपना भाई और बेटा मानते हुए एक बार सेवा का मौका दें। आपका सेवक बनाकर सदैव आपकी सेवा करूंगा। मंगलवार को सुनील प्रसाद साव, नीतेश दोदराजका, फैयाज खान और राधा मोहन बनर्जी ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया।



