


Ranchi.मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड जगुआर (STF) के शहीद जवान सुनील धान के परिजनों ने मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने शहीद आरक्षी सुनील धान के परिजनों को सम्मान राशि के रूप में पुलिस सैलरी पैकेज के तहत 1 करोड़ 20 लाख रुपए का चेक सौंपा. गृह विभाग द्वारा 1 करोड़ 46 लाख 26 हजार 972 रुपए उनके बैंक अकाउंट में क्रेडिट किए गए. मुख्यमंत्री ने शहीद जवान के परिजनों से पारिवारिक स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि झारखंड हमेशा अपने शहीदों का ऋणी रहेगा. राज्य सरकार शहीद के परिजनों के साथ सदैव खड़ी है. आरक्षी सुनील धान ने राज्यवासियों की सेवा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है. उनकी शहादत को वे नमन करते हैं.
दरअसल, 12 अप्रैल 2025 को चाईबासा जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र के रातामाटी गांव के घने जंगल में नक्सलियों के विरुद्ध विशेष छापामारी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट की चपेट में आने से झारखंड जगुआर के एजी 11 में प्रतिनियुक्त आरक्षी 361 सुनील धान गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे. उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया था, जहां इलाज के क्रम में 12 अप्रैल 2025 को वे वीरगति को प्राप्त हुए थे.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहीद आरक्षी सुनील धान की पत्नी से कहा कि राज्य सरकार के प्रावधान के तहत आप चाहें तो अनुकंपा पर सरकारी नौकरी कर सकती हैं. शहीद की पत्नी ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनके बच्चे अभी काफी छोटे हैं. आने वाले दिनों में वे नौकरी करने के संबंध में विचार करेंगी.



