
Chaibasa. झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में शनिवार को एक नक्सल-विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह तलाशी अभियान कोल्हान वन क्षेत्र के अंतर्गत टोंटो-गोइलकेरा इलाके में चलाया गया और इसका नेतृत्व कोबरा 209 बटालियन व केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने किया।
पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने एक एसएलआर राइफल, एक कार्बाइन, एसएलआर मैगजीन, 182 कारतूस, बड़ी संख्या में खोखे, एके-47 कारतूस के खोखे, लगभग पांच किलो जिलेटिन, डेटोनेटर, कॉर्टेक्स तार, आईईडी और रोजमर्या की वस्तुएं बरामद कीं। अधिकारी ने बताया कि यह सुनिश्चित करने के लिए इलाके की गहन तलाशी की जा रही है कि कहीं कोई अतिरिक्त विस्फोटक या हथियार को नहीं छिपा रह गया।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने जिस वन क्षेत्र में अजय महतो उर्फ इजराइल पूर्ति के नेतृत्व वाले माओवादी दस्ते को मुठभेड़ में मार गिराया था, उसी में यह विस्फोटक बरामद किये गये। इस दस्ते पर एक लाख रुपये का इनाम था।
मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया थे, जिसके दौरान ऋतु गुटू के जंगलों में छिपाए गए हथियार बरामद किए गए।
