


Chaibasa. पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया थाना क्षेत्र में रविवार देर रात सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा दुधबिला मोड़ के पास हुआ, जब तीन युवक एक भोज कार्यक्रम से लौटते समय अज्ञात बोलेरो की चपेट में आ गए. मृतकों की पहचान पोखरपी गांव के गंगा लागुरी और श्याम लागुरी के रूप में हुई है. तीसरा युवक, लालसिंह बंकिरा, गंभीर रूप से घायल है और उसे तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल, नोवामुंडी में भर्ती कराया गया है.
तीनों युवक लोकेसाई गांव में आयोजित भोज कार्यक्रम से रात करीब 12 बजे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे. दुधबिला गांव की ओर मुड़ते ही अचानक तेज रफ्तार से आ रही एक बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे. सूचना मिलते ही जेटेया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया. घायल युवक को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुटी है.



