12 मिनट के वीडियो में युवक ने बाइक, सोना व रुपये रखने का लगाया आरोप, पुलिस पर कई सवाल उठाये

Chakardharpur. चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे करीब 12 मिनट के एक वीडियो ने सनसनी पैदा कर दी है। वीडियो में एक युवक ने चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार समेत पुलिस से जुड़े कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाये हैं। युवक ने अपनी बाइक, सोना, मोबाइल व रुपये समेत अन्य सामान लंबे समय से थाना में रखे होने का दावा किया है। हालांकि, वीडियो में लगाये गये आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

वीडियो में युवक ने सोनू सिंह नामक व्यक्ति के माध्यम से थाना क्षेत्र में अवैध वसूली किये जाने का भी आरोप लगाया है। उसका दावा है कि सोनू सिंह हर महीने रकम की वसूली कर थाना को करीब 15 लाख रुपये देता है। युवक ने सवाल उठाया कि सोनू सिंह आखिर कौन है और पुलिस के साथ उसकी क्या भूमिका है।
बाइक समेत अन्य सामान रखने का लगाया आरोप
वायरल वीडियो में युवक ने दावा किया कि उसकी बाइक करीब दो वर्षों से थाना में रखी गयी है। उसने आरोप लगाया कि रिश्वत के तौर पर बाइक समेत अन्य सामान ले लिये गये। उसने अपने मोबाइल फोन और नकदी समेत लाखों रुपये के सामान थाना में रखे होने की बात भी कही। युवक ने थाना के एक एएसआइ पर भी सामान और रुपये ले जाने का आरोप लगाया है। साथ ही पुलिस पर बालू समेत अन्य कथित तस्करी गतिविधियों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाये गये हैं।
गांजा और ब्राउन शुगर को लेकर भी सवाल
वीडियो में युवक ने चक्रधरपुर थाना के आसपास गांजा बिकने का आरोप लगाया। उसने ब्राउन शुगर बरामद होने के बावजूद कार्रवाई नहीं किये जाने को लेकर भी सवाल उठाया। इसके अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक्स प्रतिष्ठान में चोरी की घटना में पुलिस की संलिप्तता का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
पत्रकारों को धमकी देने से बढ़ी चिंता
वायरल वीडियो का सबसे गंभीर पक्ष इसमें पत्रकारों को कथित तौर पर धमकी दिया जाना है। युवक ने वीडियो में चक्रधरपुर के पत्रकारों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी है। इसके कारण स्थानीय पत्रकारों में चिंता और भय का माहौल है। वीडियो में युवक ने थानेदार की नौकरी खत्म कराने और मामले को एसपी तक ले जाने की बात भी कही है। उसने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों को दी गयी सूचना
मामले की जानकारी चक्रधरपुर थाना प्रभारी, एसडीपीओ पोड़ाहाट, एसडीओ पोड़ाहाट और एसपी को दिये जाने की बात सामने आयी है। पत्रकार संगठनों की ओर से भी पत्रकारों को दी गयी धमकी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई की मांग की गयी है।
थाना प्रभारी बोले- जब्ती केस डायरी में दर्ज
मामले में थाना प्रभारी अवधेश कुमार से पूछे जाने पर उन्होंने आरोपों को लेकर कहा कि गाड़ी आदि जब्त किये जाने की बात बेबुनियाद है। उनके अनुसार, जब्त वाहनों का उल्लेख केस डायरी में दर्ज है। अन्य आरोपों पर पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

