


Simdega : बोलबा प्रखंड के समसेरा स्थित संत तेरेसा चर्च में देर रात करीब 1:30 बजे नकाबपोश डकैतों ने लूटपाट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. चार से पांच की संख्या में आए बदमाशों ने पहले चर्च परिसर में बने पादरियों के आवास में घुसकर हथियार के बल पर लूट की कोशिश की. विरोध करने पर तीन पादरियों को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा और उन्हें बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया.
घटना में घायल फादर इग्नासियुस टोप्पो, फादर अगुस्टीन डुंगडुंग और फादर रोशन सोरेंग को पहले बोलबा अस्पताल और फिर सिमडेगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. तीनों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है. पादरियों ने बताया कि डकैत तिजोरी की चाबी मांग रहे थे और चाबी नहीं देने पर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद उन्होंने तिजोरी तोड़कर चर्च, स्कूल और पल्ली से करीब आठ लाख रुपये लूट लिए. डकैत ओड़िया भाषा में बात कर रहे थे और कट्टा व भुजाली जैसे हथियारों से लैस थे.
यह इस चर्च में डकैती की तीसरी घटना बताई जा रही है. मामले के बाद बोलबा थाना पुलिस ने सीमाएं सील कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. थाना प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
घटना के विरोध में सोमवार को ठेठईटांगर के पास बोलबा मोड़ पर स्थानीय लोगों ने NH-143 को जाम कर दिया. आदिवासी समाज के लोग और आदिवासी नेता अमृत चिराग तिर्की की अगुआई में दोषियों को फांसी देने की मांग की गई. हालांकि पुलिस और प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद जाम को हटाया गया. इलाके में अब भी तनाव का माहौल है.



