


Dhanbad.धनबाद साइबर पुलिस ने पहली बार सेक्सटॉर्शन के मामले में तीन युवती सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है. साइबर डीएसपी संजीव कुमार के नेतृत्व में बुधवार की रात पुलिस ने बैंक मोड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक घर से तीन युवती और एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मामले में सरगना पुराना बाजार दरी मुहल्ला निवासी मनीष कुमार उर्फ मोंटी भईया, राखी कुमारी, रिया गुप्ता व पूजा देवी को गिरफ्तार किया है. वहीं मास्टर माइंड मनीष की पत्नी नम्रता उर्फ नेहा फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
छापामारी के दौरान पुलिस ने कई सामान जब्त किये हैं. यह जानकारी गुरुवार को डीएसपी संजीव कुमार ने अपने कार्यालय में दी. डीएसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने पर एक टीम का गठन कर बैंक मोड़ थाना क्षेत्र के राजेंद्र मार्केट के पास एक पुराने मकान में छापेमारी की गयी. इस दौरान मनीष कुमार उर्फ मोंटी भईया, राखी कुमारी, रिया गुप्ता व पूजा देवी लोगों के साथ ऑनलाइन चैट व वीडियो कॉल करते हुए पकड़े गये. तलाशी लेने पर उनके कमरों से 14 मोबाइल फोन, 18 सीम व अन्य समान जब्त हुए. पुलिस ने थाना लाने के बाद जब उनके मोबाइल खंगाले तो पता चला कि इन लोगों ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया है.
कमाई का आधा हिस्सा लड़कियों को मिलता था
जब चारों को थाना लाकर पूछताछ की गयी तो बताया कि मनीष की दूसरी पत्नी नम्रता उर्फ नेहा ने ही उन तीनों लड़कियों को लाया था. इसके पहले भी वह कई लड़कियों को लाती थी. उसमें जो भी कमाई होती थी उसका आधा हिस्सा मनीष व उसकी पत्नी नम्रता रख लेते थे और बाकी इन लड़कियों में बांट दिया जाता था. छापेमारी से कुछ देर पहले ही नम्रता वहां से निकल गयी थी. पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है. पुलिस ने बताया कि इसके पहले भी ये लोग अलग-अलग स्थानों पर कॉल सेंटर बनाकर काम करते थे और सेक्सटॉर्सन का धंधा कराते थे. नम्रता लड़कियों को गिरोह से जोड़ने के अलावा उन पर नजर भी रखती थी.



