Jamshedpur. दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के अंतर्गत रेल पटरियों के निकट हाथियों के एक झुंड के पहुंच जाने के कारण एक दर्जन से अधिक मेल और एक्सप्रेस ट्रेन की आवाजाही प्रभावित हुई। रेल पटरी हाथियों की आवाजाही और गति पर लगायी गयी पाबंदी के कारण हावड़ा-मुंबई रूट की कई प्रमुख ट्रेनें देरी से चलीं. अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित होने वाली ट्रेन में मुंबई-हावड़ा मेल, गीतांजलि एक्सप्रेस, गुनुपुर राज्य रानी एक्सप्रेस, ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस, आजाद हिंद एक्सप्रेस और एर्नाकुलम-टाटानगर एक्सप्रेस शामिल हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि इस एहतियाती कदम के कारण यात्री ट्रेन के परिचालन समय में औसतन नौ मिनट का विलंब हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाथियों और रेल यात्रियों, दोनों की सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन की गति को नियंत्रित किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि पटरियों के आसपास हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही ‘हाथी गलियारे’ (हाथियों के गुजरने के प्राकृतिक रास्ते) में ट्रेन की गति धीमी कर 30 किलोमीटर प्रति घंटा करने के निर्देश दिए गए।

