Site icon Lahar Chakra

JHARKHAND : राजधानी में पांच ड्रग्स तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़े, ब्राउन शुगर, कैश और बाइक जब्त

Ranchi : रांची की लालपुर पुलिस ने नशे का धंधा करने वाले पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. इनके नाम सूजीत कुमार सिंह उर्फ रवि सिंह, संजीव कुमार सिंह, विकास कुमार उर्फ विक्की, अभिषेक सिंह और श्रवण गोप बताये गये. सूजीत चतरा पिपरवार का रहने वाला है. फिलहाल वह रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में ओल्ड एजी कालोनी में रहता है.

संजीव रांची के सुखदेवनगर के शिवाजी लेन का रहने वाला है. विकास और अभिषेक बरियातू में रहते हैं. वहीं, श्रवण गोप रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के लोधमा तेतरटोली का रहना वाला है. इन लोगों के पास से पुलिस ने करीब 8.59 ग्राम ब्राउन शुगर, 60050/- रुपये कैश, सात पीस मोबाइल और तीन बाइक जब्त की है. इस बात की जानकारी DIG सह रांची पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा ने मीडिया के साथ साझा की.

DIG सह SSP चंदन कुमार सिन्हा ने मीडिया को बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका के पास नशे का धंधा होता है. कुछ लड़के ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते हैं. मिली इंफॉर्मेशन पर सिटी DSP केवी रमन और लालपुर थानेदार रूपेश सिंह की देखरेख में टीम गठित की गयी.

गठित टीम ने बापू वाटिका के पास रेड मारी और पांच लोगों को धर दबोचा. तालाशी लेने पर इन लोगों के पास से ब्राउन शुगर, कैश और मोबाइल फोन बरादम किये गये. पुलिस को दिये बयान में इन लोगों ने बताया कि वे ब्राउन शुगर खरीदने-बेचने का धंधा करते हैं. धराये लोगों में से संजीव के खिलाफ दो और विकास के खिलाफ एक मामला दर्ज है.

Exit mobile version