


Ranchi : चोरी करने घुसे चार चोरों को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़कर पीट दिया. हैरानी की बात यह है कि इस घटना के बाद अब चोरों ने खुद थाना पहुंचकर ग्रामीणों के खिलाफ मारपीट की FIR दर्ज कराई. यह मामला राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के सत्यारी टोली का है.
क्या है मामला0
FIR दर्ज कराने वाले आरोपी विजय कुमार, निवासी आसनसोल (पश्चिम बंगाल), ने बताया कि 4 जून की रात करीब 1 बजे वह अपने पांच साथियों कमलेश चौहान, पंकज डोम, जान सिंह, माडू चौहान और करन चौहान के साथ एक घर में चोरी की नीयत से घुसा था. सभी ने मिलकर घर की अलमारी से सोने की चेन और नकद पैसे निकाले. इसी दौरान मकान मालिक की नींद खुल गई और उसने शोर मचाना शुरू कर दिया. चोरों का कहना है कि उन्होंने उसे चुप कराने की कोशिश की और जब वह नहीं रुका, तो उसे पास के कुएं पर ले जाकर डुबोने का प्रयास किया. तभी गांव के लोग जाग गए और मौके पर पहुंच गए.
चोरों ने लगाई न्याय की गुहार
गांववालों को आता देख वे भागने लगे, लेकिन विजय कुमार, कमलेश चौहान, पंकज डोम और जान सिंह पकड़े गए. ग्रामीणों ने चारों की जमकर पिटाई की, जिसमें विजय कुमार का बायां हाथ टूट गया और अन्य तीनों को भी गंभीर चोटें आईं. चौंकाने वाली बात यह है कि अब पकड़े गए चोरों ने खुद पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है. विजय कुमार की ओर से दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि अंधेरे में वे किसी ग्रामीण को पहचान नहीं सके.

