


Ranchi. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घाटशिला उपचुनाव में हुए बंपर मतदान के बाद मतदाताओं के प्रति आभार जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया में पोस्ट करके कहा कि घाटशिला उपचुनाव को लेकर हुए मतदान में सभी वर्ग के लोगों ने मतदान किया. लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदार बनने के लिए आप सभी का हार्दिक आभार और जोहार. इधर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि घाटशिला में भाजपा उम्मीदवार बड़ी जीत की ओर अग्रसर हैं.
प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री मरांडी ने कहा कि शाम पांच बजे तक लगभग 74 प्रतिशत मतदान का आंकड़ा आया है, जो बढ़ने की संभावना है. उन्होंने कहा कि जिस सीट को झामुमो सेफ मान कर चल रही थी, वहां इनकी दहशत साफ दिखायी दी. झामुमो के कार्यकर्ताओं ने शुरुआती दौर में डराने धमकाने की कोशिश की. परंतु भाजपा के सजग कार्यकर्ताओं और चुनाव आयोग के देखरेख में उनके गलत मंसूबे कामयाब नहीं हुए. घाटशिला उप चुनाव का परिणाम चौंकाने वाला होगा.



