Ghatsila,स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने और विस्थापित ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) की बहरागोड़ा प्रखंड कमेटी ने शारदा कंपनी के मुख्य गेट पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। आंदोलन में बड़ी संख्या में स्थानीय युवा, ग्रामीण और संगठन के कार्यकर्ता शामिल हुए।

धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के नेता कलन महतो ने किया। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधन से स्थानीय युवाओं को रोजगार में 75 प्रतिशत प्राथमिकता देने की मांग की। साथ ही कंपनी से प्रभावित गांवों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की अपील की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध होने के बावजूद स्थानीय बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने विस्थापित ग्रामीणों और प्रभावित परिवारों के हितों की अनदेखी नहीं करने की मांग उठाई। धरना समाप्त होने के बाद जेएलकेएम के प्रतिनिधिमंडल ने शारदा कंपनी प्रबंधन को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा और जल्द सकारात्मक पहल करने की अपील की।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन आंदोलन
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो व्यापक और अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में जेएलकेएम के जिला अध्यक्ष तपन महतो, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पूनम महतो, राजा कालिंदी, अशोक बारीक, स्वरूप प्रधान, अभिषेक कुमार और असीत महतो सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

