जमशेदपुर। कुछ दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल हुई चाईबासा भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू से बुधवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने टीएमएच अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गीता बालमुचू का कुशलक्षेम जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि वे जल्द पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर पुनः संगठनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हों। उन्होंने चिकित्सकों से भी उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की। वहीं, उन्होंने टीएमएच में ईलाजरत बर्मामाइंस मंडल के भाजपा कार्यकर्ता सुख सागर गुप्ता से भी मुलाकात कर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी ली। संजय सेठ ने सड़क दुर्घटना में घायल भाजपा के वरिष्ठ नेता हरिकिशोर तिवारी से भी उनके बिस्टुपुर स्थित आवास जाकर भेंट किया। इस दौरान उन्होंने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, कुलवंत सिंह बंटी, उदय सिंह देव, विजय महतो, संजीव सिंह, राजीव सिंह समेत कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह पहुंचे टीएमएच अस्पताल, घायल गीता बालमुचू से की मुलाकात:
झारखंड भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी टीएमएच अस्पताल पहुंचकर सड़क दुर्घटना में घायल चाईबासा के भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उपचार संबंधी जानकारी ली और गीता बालमुचू के बेहतर स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके परिजनों का हौसला बढ़ाया। अस्पताल परिसर में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, गुंजन यादव, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ल, जिला महामंत्री राजीव सिंह, जितेंद्र राय, अनिल मोदी व अन्य मौजूद रहे।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के जमशेदपुर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने परिसदन में किया स्वागत:
रांची के सांसद एवं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के जमशेदपुर आगमन पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने परिसदन में जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर रक्षा राज्य मंत्री का स्वागत किया। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने नवनियुक्त जिला पदाधिकरियों, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर राजनीतिक चर्चा की।