


Ranchi. 30 नवंबर के भारत-दक्षिण अफ्रिका वन डे मैच है. हर कोई ग्राउंड में बैठकर मैच देखना चाहता है, पर अब टिकट मिल नहीं रहे. क्रिकेट फैंस परेशान हैं. टिकट की उम्मीद में जेएससीए स्टेडियम के पास घूम रहे हैं. वन डे मैच के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन टिकटों की बिक्री हो चुकी है. लेकिन कई क्रिकेट प्रेमी टिकट लेने से वंचित रह गये हैं. जिसका फायदा दलाल किस्म के लोग उठा रहे हैं. टिकट की कालाबाजारी करनेवाले तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. वहीं अन्य सात लोगों पर केस दर्ज किया गया है. इसका खुलासा जेएससीए स्टेडियम के पास समाग्रह रेस्टोरेंट में छापेमारी में हुआ.
गिरफ्तार लोगों में विधानसभा थाना क्षेत्र निवासी अरविंद सिंह, धुर्वा बस स्टैंड के समीप रहनेवाले प्रियांशु राज और जेपी मार्केट विद्यानगर निवासी सुधीर कुमार शामिल हैं. यह जानकारी धुर्वा थाना प्रभारी विमल किंडो ने दी. गिरफ्तार आरोपियों के अलावा सात अन्य लोगों पर केस दर्ज किया है. जिनमें विशाला चिक्की, जितेंद्र जायसवाल, अमित टोबो, संतोष कुमार, ऋितिक कुमार, मनीष कुमार और सुमित कुमार शामिल हैं. इनके पास से पुलिस ने टिकट, एक स्कूटी सहित अन्य सामान बरामद किये हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.



