


Jamshedpur. जैक बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा में जमशेदपुर के पटमदा प्रखंड के गोपालपुर गांव की आतोषी मिश्रा ने साइंस संकाय में 94.8% अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया है. आतोषी के पिता इंद्रजीत मिश्रा किसान हैं और माता कल्पना मिश्रा गृहिणी हैं. 10वीं कक्षा में भी उन्होंने 94.8% अंक हासिल किए थे.
प्लस टू आदिवासी स्कूल, बांगुड़दा की छात्रा आतुषी ने विषयवार शानदार प्रदर्शन किया. आतोषी रोजाना स्कूल और ट्यूशन के बाद 4-5 घंटे नियमित रूप से पढ़ाई करती थीं. उनका मानना है कि लगन और अनुशासन से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है. वह आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं. उनकी मां कल्पना मिश्रा ने बताया कि बचपन में स्कूल जाने से कतराने वाली आतोषी अब स्वयं पढ़ाई के लिए प्रेरित रहती हैं. पिता इंद्रजीत मिश्रा ने कहा कि बेटी की शिक्षा के लिए उन्होंने हर संभव प्रयास किया.



