


Ranchi. झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने 10वीं बोर्ड का रिजल्ट जारी कर दिया है. शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने मंगलवार को रिजल्ट जारी किया। 2025 मैट्रिक एग्जाम में 91.71 प्रतिशत छात्र सफल रहे हैं. 98.60% मार्क्स के साथ हजारीबाग इंदिरा गांधी बालिका हाईस्कूल की छात्रा गीतांजलि टॉपर बनी हैं. टॉप-5 में 14 छात्र हैं, जिनमें 12 लड़कियां हैं. इन 12 लड़कियों में भी 11 हजारीबाग इंदिरा गांधी बालिका हाईस्कूल की छात्राएं हैं. मौके पर शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने कहा- ‘इस साल परिणाम आने में थोड़ी देर हुई है. अब ऐसा नहीं होगा. हमने इसे सुधारने की तैयारी कर ली है.
ऐसे करें अपना रिजल्ट चेक
झारखंड एकेडमिक काउंसिल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट जैक डॉट झारखंड डॉट जीओवी डॉट आईएन जाएं और होमपेज पर दिए गए रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें और अपना रोल नंबर भरें.इससे छात्र- छात्राओं का रिजल्ट स्क्रीन पर दिखने लगेगा. इसे वे डाउनलोड कर सकते हैं और भविष्य के लिए प्रिंट आउट ले सकते हैं.उल्लेखनीय है कि इस बार 4.33 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे.
पांच जिलों का परीक्षा परिणाम सबसे बेहतर
जैक बोर्ड के 10वीं परीक्षा परिणाम में झारखंड के पांच जिलों ने बाजी मारी है. प्रदेश के पांच जिले कोडरमा, पाकुड़, जामताड़ा, लातेहार और साहिबगंज का परीक्षा परिणाम सबसे बेहतर रहा है.



